दरभंगा में दिनदहाड़े दुकानदार को मारी गोली, बचाव में आए बेटे पर भी हमला; दो संदिग्ध हिरासत में

दरभंगा में दिनदहाड़े दुकानदार को मारी गोली, बचाव में आए बेटे पर भी हमला; दो संदिग्ध हिरासत में

जाले । बिहार के दरभंगा जिले में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई। जाले थाना क्षेत्र के धमाद चौक पर बाइक सवार बदमाशों ने एक जनरल स्टोर और पान दुकान संचालक को गोली मारकर घायल कर दिया। पिता को बचाने पहुंचे उनके बेटे पर भी हमलावरों ने हमला कर दिया। वारदात के बाद बाजार में अफरातफरी मच गई।

घटना में घायल दुकानदार की पहचान अकलू सहनी के बेटे सुनील सहनी (40) के रूप में हुई है, जबकि उनके 21 वर्षीय बेटे सुजीत सहनी भी हमले में घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों ने दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाले पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) रेफर कर दिया।

सीएचसी के चिकित्सक डॉ. पंकज कुमार के अनुसार, सुनील सहनी के पेट के दाहिने हिस्से में गोली लगी है, जबकि उनके बेटे सुजीत के सिर में चोट आई है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच भेजा गया है।

गोलीबारी की सूचना मिलते ही जाले थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस को मौके से दो खोखे मिले। इसके अलावा वहां दो बाइक भी लावारिस हालत में बरामद हुई हैं, जिनका इस्तेमाल हमलावरों द्वारा किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने धमाद चौक पर टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने वारदात में शामिल आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। ग्रामीणों ने इलाके में कथित तौर पर अवैध शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार का मुद्दा भी उठाया।

प्रदर्शनकारियों ने कुछ स्थानीय लोगों पर दुकानों की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित करने के आरोप लगाए। उनका कहना था कि क्षेत्र में लंबे समय से इस तरह की गतिविधियों को लेकर विवाद बना हुआ है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ-2 शुभेंदु कुमार सुमन और प्रभारी थानाध्यक्ष दीप शिखा घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि गोलीबारी के कारणों, हमलावरों की पहचान और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।